चंडीगढ़, 13 अगस्त (हरबंस सिंह)

पंजाब राज्य चुनाव आयोग की ओर से राज्य में होने वाले ग्राम पंचायतों के आम चुनावों के लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए पंजाब राज्य चुनाव कमिश्नर श्री राज कमल चौधरी ने बताया कि पंचायत चुनावों के लिए उपयोग की जाने वाली मतदाता सूचियों का संबंध है, योग्यता तिथी 1 जनवरी 2023 के आधार पर
सभी डिप्टी कमिश्नरों द्वारा 7 जनवरी 2024 को वोटर सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया जा चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि आम जनता से दावे और आपत्तियां प्राप्त करने के बाद इन मतदाता सूचियों को संबंधित जिलों के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों द्वारा 29 दिसंबर 2023 तक अपडेट किया जा चुका है।

उन्होंने आगे बताया कि मतदाता सूचियों की पवित्रता बनाए रखते हुए यह सुनिश्चित करने के लिए कि सभी योग्य मतदाता, जिन्होंने अब तक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं करवाया है, को पंजीकृत करने का अवसर प्रदान किया जा सके, राज्य चुनाव आयोग ने सभी डिप्टी कमिश्नरों-कम-जिला चुनाव अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि वे अपने-अपने जिलों के सभी निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों (एस.डी.एम.) को निर्देश दें कि वे सभी कार्यदिवसों के दौरान मतदाताओं का रजिस्ट्रेशन करने, वोट काटने और मतदाता सूची में संशोधन के लिए क्रमवार फॉर्म I, II और III में आवेदन स्वीकार करते हुए पंचायत चुनावों में उपयोग की जाने वाली मतदाता सूची को शीघ्रता से अपडेट करें।

अधिक जानकारी साझा करते हुए उन्होंने बताया कि इस उद्देश्य के लिए 20.08.2024 (मंगलवार), 21.08.2024 (बुधवार) और 22.08.2024 (गुरुवार) को विशेष अभियान चलाया जाएगा। पंजाब राज्य में संबंधित ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले आम लोगों को सूचित किया जाता है कि वे अपनी वोटर रजिस्ट्रेशन के लिए फॉर्म I, किसी भी आपत्ति/वोट कटाने के लिए फॉर्म II और मतदाता सूची में किसी भी संशोधन के लिए फॉर्म III का उपयोग कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि ये फॉर्म निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारी (एस.डी.एम.) के कार्यालय में उपलब्ध हैं या इन्हें “पंचायती चुनाव स्टैच्यूटरी फॉर्म्स” के तहत आयोग की वेबसाइट sec.punjab.gov.in से डाउनलोड किया जा सकता है।

शेयर