गुरकिरपा ब्यूरो
चंडीगढ़/सितंबर/18/2024
चंडीगढ़ स्थित मेहर चंद महाजन डीएवी महिला महाविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग और एड ऑन कोर्स फ्लोरीकल्चर एंड लैंडस्केपिंग ने भारत सरकार के प्रमुख कार्यक्रम ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के तत्वावधान में चंडीगढ़ के बुटेरला गाँव में पौधारोपण अभियान चलाया। जय मधुसूदन जय श्रीकृष्ण फाउंडेशन के सहयोग से यह आउटरीच गतिविधि आयोजित की गई। कॉलेज के शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ-साथ क्षेत्रीय पार्षद एस. हरदीप सिंह बुटेरला, स्थानीय लोगों और फाउंडेशन के सदस्यों द्वारा औषधीय और सजावटी मूल्य के कुल 100 पौधे लगाए गए। पौधों के महत्त्व पर विचार व्यक्त करते हुए, एस. हरदीप सिंह ने कॉलेज के प्रयासों की सराहना की और हमारे पर्यावरण को बचाने के लिए नियमित अंतराल पर ऐसी गतिविधियाँ आयोजित करने पर जोर दिया। फाउंडेशन के संस्थापक निदेशक श्री प्रभुनाथ साही ने भी स्वच्छ पर्यावरण के संदेश को जन जन तक पहुँचाने में संस्थान द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। प्रधानाचार्या डॉ. निशा भार्गव ने एक स्थायी भविष्य के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने के महत्त्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पर्यावरण और पृथ्वी के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए, कॉलेज नियमित रूप से परिसर के भीतर और बाहर भी पौधारोपण अभियान आयोजित करता है।
















