चंडीगढ़, 25 फरवरी(हरबंस सिंह)
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने चेतावनी दी है कि आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब को दिवालियापन की ओर धकेल रही है और 2027 की शुरुआत में बनने वाली अगली सरकार के लिए भारी वित्तीय बोझ छोड़ रही है।
वड़िंग ने राज्य सरकार द्वारा बिना किसी भरोसेमंद वित्तीय स्रोत के बड़े आर्थिक प्रभाव वाले प्रस्ताव लाने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए, कहा कि आप सरकार को पता है कि उसका कार्यकाल अंतिम चरण में है और उसकी वापसी की कोई संभावना नहीं है, जिस कारण वह अगली सरकार के लिए पंजाब को खराब वित्तीय हालात में छोड़ने की तैयारी कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आप वादे करने, लेकिन उन्हें पूरा करने के नियत नहीं रखने संबंधी अपने पुराने फार्मूले को दोहराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने याद दिलाया कि हर महिला को 1000 रुपये देने का वादा किया गया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ। ठीक उसी तरह अब भी भारी वित्तीय जिम्मेदारियों वाली नई योजनाओं की घोषणाएं की जा रही हैं।
वड़िंग ने जोर देते हुए, कहा कि जब राज्य के पास मौजूदा कर्ज पर ब्याज चुकाने के लिए भी पर्याप्त धन नहीं है, तो नई योजनाओं के लिए पैसा कहां से आएगा, जो स्पष्ट रूप से आने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर की जा रही हैं।
उन्होंने सरकार से सवाल किया कि किसी भी नई योजना की घोषणा से पहले उसके लिए फंड के स्रोत स्पष्ट किए जाएं। वड़िंग ने कहा कि राज्य का कर्ज पहले ही चार लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है व कांग्रेस पंजाब को और कर्ज में डूबने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि आप पार्टी को लगता है कि उसके पास अब खोने के लिए कुछ नहीं बचा है, क्योंकि उसे एहसास हो चुका है कि वापसी की कोई संभावना नहीं है।
















