चंडीगढ़, 23 अक्टूबर (.हरबंस सिंह )

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की कथित वायरल वीडियो को लेकर पंजाब भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के ट्वीट के बाद आम आदमी पार्टी (आप) बौखला गई है। इसी कारण ‘आप’ नेताओं की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बेतुके बयान दिए जा रहे हैं। यह बात पंजाब भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रमुख विनीत जोशी ने आज चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि 48 घंटे बीतने के बाद अश्वनी शर्मा ने केवल इतना ही ट्वीट किया कि —
“जो व्यक्ति हर छोटी बात पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करता था, वह अपनी कथित वीडियो पर इतना चुप क्यों है? पंजाब को जवाब चाहिए, भगवंत साहब, स्पष्टीकरण दीया जाए।”
तो इसमें गलत क्या है?

इस मामले पर भाजपा नेता जोशी ने आम आदमी पार्टी और प्रदेश के मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “अगर वीडियो फर्जी है, तो मुख्यमंत्री साहब चुप क्यों हैं?”

जोशी ने कहा कि यह मामला केवल एक वीडियो तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सरकार की “ईमानदारी” और “नैतिकता” के दावों पर एक बड़ा सवाल है।‘आप’ ने लोगों को साफ-सुथरी राजनीति के सपने दिखाए थे, लेकिन अब जब अपने ही मुख्यमंत्री पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, पूरी टीम दो दिनों से चुप है।

जोशी ने ‘आप’ नेताओं बलतेज पन्नू और मालविंदर सिंह कंग पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये दोनों नेता हर मुद्दे पर दूसरों पर उंगली उठाते रहते थे, लेकिन अब जब मामला अपने घर का आया है, तो इनकी भाषा बदल गई है।

साइबर सेल द्वारा दर्ज की गई FIR पर भी विनीत जोशी ने कई सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि जब वीडियो में मुख्यमंत्री का ज़िक्र हो रहा है, तो उनका बयान FIR का हिस्सा क्यों नहीं बनाया गया? क्या साइबर सेल पर दबाव है या सरकार इस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है?

शेयर