चंडीगढ़, 8 जुलाई(हरबंस सिंह)
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आज मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को राज्य के लोगों के प्रति उनके कर्तव्य और जिम्मेदारी की याद दिलाई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि आप बड़े जनादेश के साथ पंजाब के चुने हुए मुख्यमंत्री हैं। इसके साथ ही, आप उन लोगों के प्रति भी जिम्मेदार हैं, जिन्होंने आपको चुना है कि आप उनके जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं करना चाहती है, क्योंकि यह पंजाब के लोगों की सुरक्षा से जुड़ा है। लेकिन कांग्रेस ऐसी सभी घटनाओं पर आंखें मूंद भी नहीं सकती।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य के हालातों पर गहरी चिंता व्यक्त की और हाल ही में गैंगस्टरों द्वारा फिरौती के लिए कथित तौर पर निशाना बनाकर हत्याओं की घटनाओं में तेज वृद्धि का हवाला दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि बिगड़ती कानून व्यवस्था की स्थिति राज्य की अर्थव्यवस्था को और भी पटरी से उतार देगी।
इस दौरान पंजाब में उद्योगों के घटते भरोसे का हवाला देते हुए, वड़िंग ने खुलासा किया कि 2022 में पंजाब के उद्योगपतियों ने उत्तर प्रदेश में 2950 करोड़ रुपये का निवेश किया था, जबकि 2023 में उन्होंने उत्तर प्रदेश के साथ 9000 करोड़ रुपये के निवेश संबंधी समझौते किए थे।
उन्होंने बताया कि गत दिवस ही पंजाब के उद्योगों ने मध्य प्रदेश में 15000 करोड़ रुपये का निवेश करने का वादा किया है। जिस पर उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि यह हम सभी के लिए और खासकर मुख्यमंत्री के तौर पर आपके लिए एक चेतावनी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें अपने अंदर झांकने की जरूरत है कि कभी व्यापार के लिए पसंदीदा निवेश स्थल रहा पंजाब अब उद्योगों को यहां से पलायन करते हुए क्यों देख रहा है।
लुधियाना संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले वड़िंग ने खुलासा किया कि औद्योगिक प्रतिनिधियों के साथ उनकी सीधी और व्यक्तिगत बातचीत से साफ पता चलता है कि राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था के कारण उनमें डर का माहौल है। उन्होंने कहा कि अबोहर में दिन दिहाड़े संजय वर्मा की नृशंस हत्या जैसी घटनाएं स्थिति को और खराब करती हैं। इन परिस्थितियों के मद्देनजर, उन्होंने चेतावनी दी कि आप सरकार की खराब नीतियों के कारण राज्य पहले ही ‘कर्ज के जाल’ में फंस चुका है।